कोटवाधाम पीएचसी पर मरीजों को देखते डाक्टर।
बाराबंकी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में बारिश का असर देखने को मिला। रविवार को आयोजित मेले में मरीजों की संख्या 1,555 रही। इस दौरान टीबी के नौ संदिग्ध मरीज मिलने पर जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, गंभीर हालत में पहुंचे नौ मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
जिले के 59 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 666 पुरुष, 636 महिला और 253 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। इस दौरान सर्दी-जुकाम के 127, बुखार के 167, पेटदर्द के 151, त्वचा रोग के 225 मरीज देखे गए। इसके अलावा नेत्र रोग के आठ, लीवर के 39, डायबिटीज के 72, खून की कमी के 15, हाइपरटेंशन के 32 मरीज देखे गए।
वहीं, संदिग्ध मिलने पर 32 लाेगों की कोरोना, 21 लोगों हेपेटाइटिस बी, चार लोगों की हेपेटाइटिस सी, 43 लोगों की मलेरिया और पांच लोगों की डेंगू की जांच कराई गई, लेकिन एक भी संक्रमित नहीं मिला। वहीं, पीएचसी कोटवाधाम पर इलाज के लिए आए रामू के पिता गोविंद ने बताया कि बेटे को एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। शरीर पर छोटे-छोटे दाने भी निकल आए हैं, डॉक्टर ने जांच कराकर दवाइयां दी हैं।
पीएचसी त्रिलोकपुर में दवा लेने आई सावित्री ने बताया कि पेट में दर्द होने पर दवा लेने अस्पताल आई थीं। डॉक्टर ने देखने के बाद दवा दी है। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि मेले में मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके निर्देश सभी चिकित्सकों और कर्मियों को दिए गए थे।