हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र हैदरगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात मिले डीसीएम की जांच के दौरान पुलिस दंग रह गई। उसमें संरक्षित प्रजाति के 13 मवेशियों को इस कदर ठूंस कर भरा गया था कि नौ मवेशियों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पशु चिकित्सक की मौजूदगी में मृत मवेशियों को दफन करवा दिया जबकि चार को चौबीसी गोशाला भिजवाया।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात उत्तराखंड प्रांत के नंबर वाला लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रहा डीसीएम इंजन में खराबी होने पर पूर्वांचल एक्सप्रेववे पर खड़ा हो गया था। उसमें मौजूद पशु तस्कर वाहन छोड़ भाग निकले। हैदरगढ़ पुलिस ने डीसीएम का तिरपाल हटाई तो दंग रह गई। मवेशियाें को नीचे उतारा। नौ मवेशी मर चुके थे। कोतवाल एपी त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात पशु तस्करों पर गोवंश व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।