बाराबंकी। जैदपुर पुलिस व एसटीएफ द्वारा अयोध्या हाईवे पर शनिवार को पकड़े गए कंटेनर में से नौ सौ पेटी हरियाणा की शराब बरामद की गई। वहीं इस मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों को रविवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत करीब 35 लाख रुपये है। पुलिस इस गिरोह के अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि आगामी पंचायत चुनाव व त्योहारों के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में शराब माफिया के विरुद्ध चलाये गये अभियान के तहत जैदपुर व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अयोध्या हाईवे के अहमदपुर टोल प्लाजा पर शनिवार को एक कंटेनर में लदी हरियाणा में बनी शराब पकड़ी थी।
पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए आरोपी फिरोज निवासी मुडहामा थाना डिडौली जिला ज्योतिबा फुले नगर व नईम निवासी गुरेर थाना मैनाठेर जिला मुरादाबाद को रविवार को जेल भेज दिया। कंटेनर से नौ सौ पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को चंडीगढ़ से लेकर बिहार जा रहे थे। इस शराब को चंडीगढ़ निवासी इंद्रजीत ने दिया है जिसे बिहार पहुंचाने पर इंद्रजीत द्वारा बताया जाता कि डिलेवरी किसे देनी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य आरोपियों के बारे में भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।