बाराबंकी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान की जिले में शुक्रवार को शुरुआत हो गई। संतों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना करके अभियान का श्रीगणेश हुआ। निधि समर्पण अभियान की पहली रसीद संत समाज को समर्पित की गई। विश्व हिंदू परिषद ने राम मंदिर निर्माण के लिए घर-घर जाकर चंदा जुटाने का लक्ष्य रखा है। लखपेड़ाबाग के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारी, चिकित्सक एवं समाज के अन्य सभी वर्गों के लोगों ने अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। यह अभियान आगामी 15 फरवरी तक चलेगा।
स्वामी चेतनानंद महाराज ने कहा कि अयोध्या धाम में बनने वाला राम मंदिर देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक होगा। पुरानी बातों को भूलकर मंदिर निर्माण में सबको एक साथ आना चाहिए। वरिष्ठ चिकित्सक सुधीर वर्मा ने सबका आभार ज्ञापित किया। उद्योगपति सुशील अग्रवाल ने कहा कि राम आंदोलन में जिले की अग्रणी भूमिका रही है और मंदिर निर्माण में भी जिले की प्रमुख भूमिका रहेगी। संचालन संतोष सिंह ने किया। विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश यादव ने बताया कि अयोध्या की भूमि पर बनने वाला राम मंदिर सरकारी धन के बजाय देश के नागरिकों के दान से बनेगा।
प्रमुख सहयोगकर्ताओं में सांसद उपेंद्र रावत, बनीकोडर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. राधेलाल वर्मा, नवीन राठौर, सुरेंद्र वर्मा, सुशील अग्रवाल, स्वराज सौरभ, विनोद गाब, अरविंद मौर्य, संगीता चतुर्वेदी, सुरेंद्र तिवारी, संदीप गुप्ता, राकेश पटेल, रचना श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, आकाश वर्मा आदि शामिल रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, राजरानी रावत, हरगोविंद सिंह, सरोज रावत, अभियान प्रमुख सुनील सिंह, विजय आनंद बाजपेई, सुजीत चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिए एक लाख
रामनगर के नगर पंचायत हॉल में निधि समर्पण कार्यक्रम हुआ। इसमें भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू द्विवेदी ने सर्वाधिक एक लाख रुपये का चेक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम दिया। इसके अलावा दुर्गेश चतुर्वेदी ने 50 हजार, बद्री विशाल त्रिपाठी ने 25 हजार, समाजसेवी कैलाश सिंह, सौरभ मिश्र, संतोष बाजपेई, उमाकांत मिश्रा, विनय विश्वकर्मा, आशीष ने 21-21 हजार रुपये का चेक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम समर्पित किया।
इसी प्रकार सीहामऊ के पूर्व प्रधान संतोष दीक्षित ने 11 हजार रुपये व महादेवा के पुजारी आदित्य नाथ तिवारी व बिलखिया के राजेश अवस्थी ने एक एक हजार रुपये नकद दान स्वरूप भेंट किया। वहीं निर्मल सोनी ने चांदी के 11 सिक्के श्रीराम मंदिर के लिए अर्पित किया। इस मौके पर विधायक शरद अवस्थी मौजूद रहे। टिकैतनगर कस्बे में भी राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्ता द्वारा 51 हजार, विशाल जैन, किशोरीलाल, सुदामा पांडेय, रामजी पांडेय, पुरुषोत्तम तिवारी द्वारा 21-21 हजार रुपये दान दिया गया।
रामजस शुक्ला ने 11 हजार रुपये की राशि दी। उधर, कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने भी कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर लोगों द्वारा दान किए गए रकम तीन लाख 81 हजार रुपये का चेक निधि समर्पण अभियान में दिया गया। चेक देने वालों में विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विपिन राठौर, सरोज वर्मा, प्रेरणा महाविद्यालय, रामशंकर वर्मा, सरोज मिहिर, रामनाथ सोनी, राजीव नयन, ललित, राजा गुप्ता, देवेंद्र श्रीवास्तव आदि शामिल हैं।