बाराबंकी। दरियाबाद क्षेत्र में मंगलवार को एक नवजात सड़क के किनारे पड़ी मिली। उसके रोने की आवाज सुनकर पहुंची एक महिला ने बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बालिका को महिला के ही सुपुर्द कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र के नवाबगंज की रहने वाली साजिदा बानो मंगलवार को अपनी बकरियां चराने गई थी। चमरौली व नवाबगंज पुल के बीच सड़क के किनारे झाड़ियों के बीच से साजिदा को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने नजदीक जा कर देखा तो झाड़ियों के बीच पड़ी बच्ची बिलख रही थी। महिला के बुलाने पर कई ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने बालिका को बाहर निकाला। साजिदा ने बालिका को अपने घर ले जाकर उसका पालन करने की इच्छा जताई। इस पर ग्रामीणों ने बालिका को महिला के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी सिंह ने नवजात के मिलने की जानकारी से इन्कार किया है।