बाराबंकी। मतदान करना जितना आवश्यक है, उतना ही इस बात का ध्यान रखने की जरूरत है कि हम किसे अपना अमूल्य मत दे रहे हैंं। ऐसे में अपने दिल की आवाज का सहारा लें। जो राष्ट्र व समाज के हित में काम करने वाला हो, उसी को मतदान करें। छात्रा श्रद्धा निगम ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बुधवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जब अपने यह विचार रखे तो पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज पड़ा। यहां आयोजित कार्यक्रम में भाषण के अलावा वाद-विवाद, रंगोली, नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
जीआईसी ऑडिटोरियम में डीएम अविनाश कुमार ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ दीप जलाकर किया। उन्होंने सभी को मतदान करने व दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस बीच विभिन्न स्कूकों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रिया यादव, सरोज कनौजिया, रूबीना बानो, रानी आदि छात्राओं ने रंगोली बनाई, जिसकी थीम मतदाता जागरूकता थी। रंगोली में लिखा गया था कि... करे राष्ट्र का जो उत्थान, करें उसी को हम मतदान का संदेश दिया। इस मौके पर मतदाता जागरूकता के संबंध में भाषण, निबंध, गीत, पेंटिंग व लोगो प्रतियोगिताएं हुईं। इस मौके पर एडीएम राकेश सिंह, एसडीम विजय कुमार त्रिवेदी, तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, राजेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
वहीं, मुंशी रघुनंदन प्रसाद सरदार पटेल महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदान का महत्व शीर्षक पर भाषण एवं राइटिंग प्रतियोगिता हुई। चंदौली स्थित राम सेवक यादव परास्नातक महाविद्यालय, अवध लॉ कालेज एवं टीआरसी लॉ काॅलेज में छात्र-छात्राओं ने शपथ ली। रामनगर पीजी कॉलेज के छात्रों ने रैली निकालकर पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में रानी लक्ष्मीबाई ग्रुप प्रथम स्थान पर रहा।
सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में जनता इंटर कॉलेज बदोसराय में रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला, दौड़ प्रतियोगिता हुई। जीआईसी के छात्र छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। दिव्यांग यूथ आइकाॅन नागेश पटेल ने ऑडियो कांफ्रेंसिंग कर दिव्यांग, महिलाओं, युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में जुटे इन स्कूलों के बच्चे
जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जीजीआईसी, जीआईसह, टीआरसी लॉ कालेज, संत कवि बाबा बैजनाथ महाविद्यालय, मोहनलाल वर्मा पीजी कालेज, पटेल महिला डिग्री कालेज, ममता गर्ल्स डिग्री कालेज, श्री साई इंटर काॅलेज, जनपद इंटर काॅलेज हरख, कंपोजिट विद्यालय बड़ेल, पायनियर डिग्री काॅलेज लखपेड़ाबाग, जवाहरलाल नेहरु स्मारक पीजी काॅलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
न्यायालय से लेकर कार्यालय तक ली गई शपथ
एसपी आफिस समेत जिले के सभी 23 पुलिस थानों में मतदाता जागरूकता की शपथ ली गई। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाई। जिला कारागार में वरिष्ठ अधीक्षक पीपी सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। सिविल कोर्ट परिसर में जिला न्यायाधीश रवींद्रनाथ दुबे ने न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों को मतदाता दिवस की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके अलावा तहसील फतेहपुर, हैदरगढ़ तहसील में राष्ट्रीय मतदाता दिवस की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।