बाराबंकी। गड्ढा मुक्त अभियान में करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जिले की सड़कों की सेहत सुधर नहीं सकी है, लेकिन बदहाल सड़कों पर हिचकोले खा रहे लाखों लोगों को राहत मिलने की एक और उम्मीद जगी है। हर विधानसभा क्षेत्र में चार-चार करोड़ रुपये से सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में 100 से अधिक सड़कों पर कुल 24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विभाग ने टेंडर भी कर दिया है। सड़कें दुरुस्त होने से करीब 20 लाख लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
अपने क्षेत्रों की सड़कों को सुधारने के लिए विधायकों ने कई स्तर पर प्रस्ताव पिछले साल दिए थे। इसके बाद सरकार ने विधानसभा क्षेत्र को चार-चार करोड़ रुपये सड़कों की मरम्मत के लिए दिए थे। पिछले साल ही स्वीकृति हो गई थी। हाल ही मेें लोक निर्माण विभाग ने इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। करीब 25 फीसदी राशि मिल भी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार हर विधानसभा क्षेत्र में 12 से 15 सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। इसमें 100 से 120 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। जिले में लोक निर्माण विभाग के तीनों खंडों की सड़कें इनमें शामिल हैं। नोडल खंड के अधिशासी अभियंता आरके राम ने बताया कि टेंडर हो चुका है। जल्द ही निर्माण हो जाएगा।
उधर, सिद्घौर ब्लॉक में दो सड़कें करीब 80 लाख रुपये से दुरुस्त की जाएंगी। इनमें केसरगंज से सरायमीर व हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग से भुनई गांव जाने वाली सड़कों को आरसीसी बनाया जाएगा। जेई प्रबोध मिश्रा ने बताया कि सड़कों की मरम्मत को लेकर सर्वे होता रहता है। इनमें सरायमीर गांव वाली सड़क से कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।