सिद्धौर (बाराबंकी)। बेखौफ बदमाशों ने सोमवार शाम दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यवसायी से 50 हजार रुपये से भरा थैला और जेवर लूट लिए। कोठी थाना क्षेत्र में सरेशाम बीच सड़क पर यह वारदात हुई। पहले तो पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की, मगर चर्चा तेज होने के कारण अधिकारियों को जानकारी दी। लूट की इस वारदात से क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत व्याप्त है।
जैदपुर निवासी दुर्गेश कुमार कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ कस्बे में सराफा की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कोठी थाना क्षेत्र में भानमऊ-जैदपुर मार्ग पर नहर के पास पीछे से बाइक से आए तीन बदमाशों ने सराफा व्यवसायी को धक्का देकर गिरा दिया।
इसके बाद बदमाशों ने असलहों से धमकाते हुए व्यवसायी की पिटाई की और 50 हजार रुपये से भरा थैला और कुछ जेवरात लूट लिए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद कोठी पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, मगर देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। सरेशाम हुई लूट से उन दुकानदारों में दहशत व्याप्त हो गई है, जो शाम को दुकान बंद करके घर लौटते हैं।
इस बारे में एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि लूट होने की सूचना मिली है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है।