मामा ने परिवारीजनों के साथ मिलकर अपने भांजे की बांके से काटकर निर्मम हत्या कर दिया। रामनगर थाना क्षेत्र के सराय गौरा गांव में सोमवार की रात हुई इस वारदात के बाद दहशत का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद एएसपी व सीओ ने मौके का जायजा लिया व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। वारदात के पीछे अवैध संबंध होने की बात बताई जा रही है।
थाना रामनगर क्षेत्र के सराय गौरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद वर्मा उर्फ गुड्ड़ू(30) पुत्र जगदीश प्रसाद सोमवार की रात गांव में जा रहे थे तभी रिश्ते में उनके मामा मनोज वर्मा ने अपनी पत्नी मंजू देवी, बेदप्रकाश, राजपाल, मुकेश, नरेश, नंदू आदि के साथ मिलकर राजेंद्र पर बांके व लोहे के बेलचा से हमला बोल दिया।
जब तक आस पास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक आरोपियों ने राजेंद्र की हत्या कर दी और मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पर पहुंचे एसओ , सीओ व एएसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने जांच शुरू किया है।
मृतक के पिता द्वारा मनोज समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी जा रही है पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई है।
अवैध संबंध बना हत्या का कारण
सीओ रामनगर दुर्गेश सिंह ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई है। हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं किया जा रहा है कि किसके साथ राजेंद्र के संबंध थे। पुलिस की जांच के बाद ही पता लग सकेगा।
घर का इकलौता चिराग था राजेंद्र
मृतक राजेंद्र अपने पिता की इकलौती संतान था। उसका एक बेटा सीटू, बेटी चाहत व दो माह की बेटी पत्नी संजू की गोद में है। इस घटना के बाद इस पूरे परिवार में कोहराम मचा दिया है। घर का इकलौता होने के चलते राजेंद्र पर परिवार की जिम्मेदारी थी।