- गैंगस्टर के मामले में एमपीएमएलए कोर्ट में हुई सुनवाई
- एक अभियुक्त फिरोज रहा मौजूद, बाकी की हाजिरी माफी
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। मुख्तार अंसारी व 12 अन्य आरोपियों पर दर्ज गैंगस्टर के मामले में बुधवार को जिले की एमपीएमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। बांदा जेल में बंद मुख्तार की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई जबकि एक अभियुक्त कोर्ट में पेश हुआ। लगातार तीसरी बार गैंगस्टर के केस के वादी इंस्पेक्टर सुरेश पांडेय से मुख्तार के वकील ने जिरह की। विशेष न्यायधीश कमलकांत श्रीवास्तव ने सुनवाई के बाद पेशी की अगली तारीख 27 जुलाई तय कर दी है।
पंजाब की रोपड़ जेल में बंद रहने के दौरान मुख्तार अंसारी जिस एंबुलेंस का प्रयोग करता था वह बाराबंकी के एआरटीओ आफिस में 21 मार्च 2013 को फर्जी कागजों से पंजीकृत कराई गई थी। इस मामले में एआरटीओ में मऊ जिले की डॉ. अलका राय के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जबकि चार जुलाई 2021 को पुलिस ने इसमें मुख्तार अंसारी, डॉ. अलका राय समेत कई के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इसी मुकदमे के बाद 24-25 मार्च 2022 को शहर कोतवाली में मुख्तार अंसारी समेत 13 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर का केस दर्ज हुआ था जिसकी सुनवाई हो रही है।
बुधवार को एमपीएमएलए कोर्ट में सुनवाई के दौरान पहुंचे मुकदमे के वादी व वर्तमान में रामनगर के कोतवाल सुरेश पांडेय से बचाव पक्ष के वकील से जिरह की। पेशी के दौरान एक अभियुक्त फिरोज कुरैशी मौजूद रहा जबकि बाकी के लिए हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दिया गया।