- मसौली में पेड़ गिरने से टूटा तार, सुबेहा में आठ दिन से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर
संवाद न्यूज एजेंसी
मसौली/सुबेहा (बाराबंकी)। आए दिन तार टूटने तो कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। बुधवार को मसौली क्षेत्र में तार टूटने से 11 घंटे बिजली गुल रही। इससे करीब दो लाख आबादी प्रभावित रही। सुबेहा में ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति बाधित है। मसौली क्षेत्र में मंगलवार रात करीब दस बजे ग्राम पिपराठा के पास एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। इससे मसौली, बांसा, जकरिया, सहादतगंज, ज्योरी नौबस्ता, सादामऊ, बड़ागांव, नेवला करसंडा व करपिया समेत तीन सौ गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने रात में ही उपकेंद्र पर सूचना दी लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। रातभर लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। सुबह पानी के लिए लोगों को जूझना पड़ा। बुधवार सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। इससे करीब दो लाख आबादी प्रभावित रही। उधर, सुबेहा क्षेत्र में उमरवल किर्षिया गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से 25 घरों की बिजली आठ दिनों से ठप है। गांव निवासी बृजेश तिवारी, राजाराम, गुड्डू, राधेश्याम, सुशील आदि ने बताया कि आठ दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था। शिकायत के बाद भी बदला नहीं गया। जेई सुजीत तिवारी का कहना है कि बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर बदल कर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।