बाराबंकी। बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली क्षेत्र में हसनापुर मोड़ के पास शनिवार सुबह चलती कार में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार पांच लोग समय रहते कार से उतर जाने के कारण बच गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस के अनुसार बलरामपुर के निवासी विराज सिंह, दीपक, प्रियंका सिंह व राधिका समेत चालक कार में सवार थे। सभी लखनऊ जा रहे थे। हसनापुर मोड़ पर ईंट भट्ठे के पास कार के अंदर कुछ जलने जैसी बदबू आने लगी। चालक ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद वह बोनट खोलकर जांच करने लगा। तभी अचानक इंजन में आग लग गई। चालक के चिल्लाते ही कार में सवार चारों लोग नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की तरफ भागे। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना के करीब 20 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे के चलते पूरे रूट पर करीब एक घंटे तक यातायात का संचालन भी प्रभावित रहा।