मसौली (बाराबंकी)। संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य नोडल दस्तक संचारी डॉ. अनीता सोनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के अंतर्गत ग्राम नेवला करसंडा में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलाई जा रही गतिविधियों का जायजा लिया।
डॉ. अनीता सोनी ने दस्तक संचारी रोग की रोकथाम के लिए आशा बहुओं को दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए आशा कार्यकर्ता से कहा कि वह ग्रामीणों को शुद्ध पानी के सेवन के लिए प्रेरित करें और साधारण हैंडपंप का पानी पीने से लोगों को मना करें। उन्होंने लोगों को शौचालय का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने ग्राम पंचायत नेवला करसंडा के ग्रामीणों से साफ-सफाई के बारे में जानकारी हासिल की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाई कर्मियों द्वारा नियमित सफाई की जाती है। समय-समय पर आशा कार्यकर्ता भी लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करती रहती हैं।
इस दौरान यूनिसेफ डीएमसी नितिन खन्ना, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, आशाराम, अखिलेश, पंकज, चांदनी व प्रतिभा वर्मा सहित क्षेत्र की आशा बहुएं मौजूद रहीं।संवाद