कोटवाधाम पीएचसी में आयोजित जन आरोग्यमेले में मरीज देखते चिकित्सक। संवाद
बाराबंकी। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर रविवार को स्वास्थ्य मेले में दिखा। बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही। इस दौरान गंभीर हालत में पहुंचे 31 मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। टीबी के 11 संदिग्ध मरीज मिलने पर जांच के लिए मुख्यालय भेजा गया। पात्र पाए गए 26 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जिले के 57 पीएचसी पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 4428 मरीज देखे गए। इनमें पुरुषों की संख्या 1720, महिलाओं की संख्या 1640 और बच्चों की संख्या 1068 रही। इनमें सर्दी के 459, बुखार के 313, पेट दर्द के 538, डायबिटीज के 279, लिवर रोग के 105, नेत्र रोग के 20, एनीमिया के 48, त्वचा रोग के 565 और हाइपरटेंशन के 204 मरीज देखे गए।
इस दौरान संदिग्ध पाए जाने पर 124 की कोरोना, 28 की हेपेटाइटिस-बी, चार की हेपेटाइटिस-सी व पांच लोगों की डेंगू की जांच कराई गई लेकिन कोई भी संक्रमित नहीं मिला। पीएचसी कोटवाधाम में दवा लेने पहुंचीं गायत्री देवी व रामबरन ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। पीएचसी त्रिलोकपुर पहुंचे जानकी प्रसाद व नौमीलाल ने बताया कि पेट दर्द से परेशान हैं। डॉक्टर ने जांच की।
सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सक और पैरा मेडिकल कर्मियों को लगाया गया था।