बाराबंकी। जिले में एक लाख से ज्यादा उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने कभी भी बिजली बिल जमा नहीं किया है। इन उपभोक्ताओं को सौभाग्य योजना के तहत नि:शुल्क कनेक्शन दिए गए थे। इन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन लेने के बाद अभी तक एक बार भी बिजली का बिल जमा नहीं किया है। निशुल्क बिजली कनेक्शन को वह मुफ्त बिजली योजना समझ रहे हैं।
सौभाग्य योजना के तहत जिले में 1,20,525 उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया था। इनमें से करीब दस हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जो अपना बिजली बिल जमा कर रहे हैं और करीब सात हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने कुछ महीने बिल जमा अदा किया, लेकिन बाद में बिल जमा करना बंद कर दिया। एक लाख तीन हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने एक बार भी बिल नहीं जमा किया है।
ऐसे उपभोक्ताओं को डिवीजन कार्यालय से बकाया बिजली बिल जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद बकाया बिल राशि जमा कराने को लेकर उपभोक्ता उदासीन बने हैं। बिजली विभाग ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इसके लिए डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। अधीक्षण अभियंता राजबाला का कहना है कि लगातार मौका देने के बाद भी जो उपभोक्ता बकाया बिल जमा नहीं करा रहे, उनके खिलाफ अब अभियान चला कर सख्त कार्रवाई होगी।