मोदी अंकल, पापा की दुकान कब खुलेगी, हम बच्चों पर रहम करों... जैसे नारे लगाते हुए सराफा व्यापारियों के बच्चों ने बुधवार को शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सराफा व्यापारी व उनके परिवारीजनों ने केंद्र सरकार से एक्साइज ड्यूटी वापस लेने की मांग की।
बताते चले कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए आम बजट में सराफा कारोबारियों पर एक प्रतिशत उत्पाद कर लगाया गया था। इस के विरोध में बीते तीन मार्च से जिले व शहर के सराफा व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर हड़ताल शुरू कर दी थी।
दो दिन पहले समस्त व्यापारियों ने सराफा व्यापारियों के समर्थन में जिला बंदी भी की थी लेकिन उसके बावजूद अभी तक सराफा व्यापारियों की मांगे पूरी नहीं हो सकी है।
बुधवार को शहर में घंटाघर स्थित धरना स्थल पर सराफा व्यापारियों के परिवार के बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी, अनिल रस्तोगी, सुनील त्रिवेदी, राजू वर्मा, दुर्गा प्रसाद, हरीराम, संदीप गुप्ता, आशीष गुप्ता, पंकज गुप्ता, चुन्नू रस्तोगी, वीरेंद्र वर्मा व विकास गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद रहे।