बाराबंकी। कोठी पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी व बरामद सामान।
- फोटो : BARABANKI
कोठी (बाराबंकी)। पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 43 फोन व चार मोटरसाइकिलें बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए जेल भेज दिया है।
कोठी थाना अध्यक्ष रितेश कुमार पांडे ने बताया कि राजेंद्र कुमार निवासी पूरेपंडित पुरवा व बसंतपुर गांव निवासी मायाराम की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में मुकदमा पंजीकृत किया था।
जिस पर एक टीम गठित कर जांच में लगाई गई थी। पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने छह शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 43 चोरी के मोबाइल व चार मोटरसाइकिलें बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में देवेंद्र उर्फ देविन, इशत पाल, नसीब निवासी सिंघेपुर थाना मेहरोली जनपद ललितपुर व इंकू, टंटू निवासी प्रकाश नगर देहात जनपद दतिया मध्य प्रदेश, धनवीर निवासी सिरोन थाना पथरिया जनपद विदिशा मध्य प्रदेश को पकड़ कर कार्रवाई की है।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि हम अपने बच्चों को बाजारों एवं कस्बों में मोटरसाइकिल से ले जाकर छोड़ देते हैं और बच्चे दुकानों व बाजारों में जेब से महंगे मोबाइल सफाई से निकाल लेते हैं। हम लोगों के पास जब काफी संख्या में चोरी के मोबाइल हो जाते हैं तो सस्ते दामों में बेच देते है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए जेल भेज दिया है।