सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। गो आश्रय स्थल से गोबर बेचने व केयरटेकर की संख्या कम होने के बावजूद अधिक लोगों का मजदूरी का भुगतान किए जाने की शिकायत को मनरेगा लोकपाल लक्ष्मी श्रीवास्तव ने गंभीरता से लिया। उन्होंने ठाकुरपुर गो आश्रय स्थल पर पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया।
विकासखंड सिरौली गौसपुर के ठाकुरपुर गो आश्रय स्थल की शिकायत गांव के ही मदन मोहन द्विवेदी ने की थी। आरोप है कि गो शाला से गोबर की खाद बेची जा रही है। केयरटेकरों की संख्या भी काफी कम है। जबकि भुगतान अधिक लोगों का किया जा रहा है। शिकायत पर शनिवार को मनरेगा लोकपाल लक्ष्मी श्रीवास्तव ठाकुरपुर गो-शाला पहुंची। सबसे पहले केयरटेकरों से भुगतान के संबंध में जानकारी ली और केयरटेकरों की गिनती की। निरीक्षण में मौके पर आठ केयरटेकर कार्य करते हुए पाए गए। मवेशियों की गिनती कर चारा पानी का भी निरीक्षण किया।
मनरेगा लोकपाल ने दैनिक उपभोग रजिस्टर दान रजिस्टर तथा केयरटेकर रजिस्टर मनरेगा से निर्माण किए गए गोशाला की पत्रावलियों के अतिरिक्त वर्मी कंपोस्ट टीन शेड, पानी टंकी आदि का निरीक्षण किया। मनरेगा लोकपाल लक्ष्मी श्रीवास्तव ने बताया कि मदन मोहन द्विवेदी की शिकायत पर गो शाला की जांच की गई है। शिकायतकर्ता मौके पर नहीं आया है। इस मौके पर ग्राम प्रधान विकेश वर्मा, पंचायत सचिव कुलदीप श्रीवास्तव, धर्मेंद्र वर्मा, वीरेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।