घुघंटेर (बाराबंकी)। गर्मी व उमस के बीच बिजली कटौती की समस्या ग्रामीण इलाकों के लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। विभागीय अफसरों के दावे के बावजूद अधिकांश इलाकों में बिजली सप्लाई व्यवस्था बेपटरी है। बिजली आने पर भी लोगों को लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता है।
निंदूरा क्षेत्र में मल्लावा फीडर से जुड़े सैंदर, दीनपनाह, बजगहनी, जानीनगर, राम नगर, चौधरीपुर, डफरपुर समेत करीब 75 गांवों में शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक 12 घंटे की कटौती की गई। इससे करीब 80 हजार आबादी को पानी से लेकर मोबाइल चार्ज करने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। इसके अलावा बाबागंज फीडर के टिकैतगंज, मोहलिया, रसूलपुर, जमुना, धौरहरा, मोहलिया, कसगांव, सराय, बाबागंज, घुंघटेर समेत 50 गांवों के 60 हजार उपभोक्ता लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। जेई विकास शुक्ला का कहना है कि लो वोल्टज की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढाई जाएगी। जल्द ही इसमें सुधार हो जाएगा।
ग्राम पंचायत बड़ागांव के मोहल्ला ऐमाहार में रखा ट्रांसफार्मर भी शनिवार शाम अचानक जलने लगा। ट्रांसफार्मर में लगी आग देख ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र मसौली को सूचना दी। लेकिन कर्मचारी नहीं पहुंचे। ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब 30 उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से करीब ढाई सौ आबादी को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।