मंगलवार को कोठी थाना क्षेत्र के आदमपुर भटपुरा मजरे सम्भूूसरांय गांव स्थित नाले में बच्चे का शव मिलने के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
एक दिन पूर्व घर से निकले कक्षा दो के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में डूब कर मौत हो गई। बच्चे का शव मंगलवार को एक नाले में मिला। ग्रामीण बच्चे की हत्या करने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है।
कोठी थाना क्षेत्र के शंभू सराय गांव निवासी कमल किशोर का नौ वर्षीय पुत्र विकास क्षेत्र के इसरौली सेठ में स्थित एक निजी विद्यालय का कक्षा दो का छात्र है। सोमवार को वह घर से खेलने के लिए निकला था लेकिन देर रात तक वापस न आने पर अनहोनी की आशंका पर परिवारीजनों ने देर रात कोठी थाने में बच्चे की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था।
जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके की जांच कर आस-पास पता लगाया लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। इस बीच मंगलवार दोपहर बच्चे का शव गांव से करीब चार सौ मीटर दूरी पर निकले नाले के किनारे बने एक गड्ढे के पानी में बरामद हुआ।
इस बात का पता लगने पर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिवारीजनों ने किसी के खिलाफ किसी भी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है। थाना अध्यक्ष अवधेश प्रसाद यादव ने बताया कि सोमवार देर रात गुमशुदगी दर्ज कर कर बच्चे की तलाश की जा रही थी लेकिन मंगलवार को उसका शव मिला है।