स्वास्थ्य राज्यमंत्री रविदास मेहरोत्रा ने जिला महिला व पुरुष अस्पताल का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें महिला अस्पताल में अव्यवस्था मिली। इस पर उन्होंने सीएमएस को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में जल्द सुधार के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री रविदास मेहरोत्रा सबसे पहले महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां अस्पताल में गंभीर नवजात को रखने वाली एसएनसीयू (सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट) मशीन खराब देख वे भड़क गए।
उन्होंने महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. आभा आशुतोष को फटकार लगाई। वार्ड में पहुंचकर प्रसूताओं से हालचाल पूछा। मरीजों से प्रतिदिन 100 रुपये में मिलने वाले पौष्टिक आहार की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। जनरल वार्ड में गंदी बेड शीट देख उन्होंने नाराजगी जताई।
जेएसवाई योजना के बारे में प्रसूताओं से पूछा। उन्होंने अस्पताल परिसर में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की वाल पेंटिंग कराने को कहा। इसके बाद वे जिला पुरुष अस्पताल पहुुंचे। वहां पर ट्रॉमा सेंटर के सामने सरकार द्वारा गरीबों के शव को घर तक मुफ्त में पहुंचाए जाने के लिए शव वाहन का शुभारंभ नारियल तोड़ कर किया।
करीब छह माह पूर्व जिले में शव वाहन को भेजवाया गया था। यह वाहन सीएमएस के आवास परिसर में खड़ा कर दिया गया था। इसकी देखभाल न होने से शनिवार को शुभारंभ के समय कर्मचारी लाने के लिए पहुंचे तो गाड़ी स्टार्ट ही नहीं हुई।
काफी प्रयास के बाद कर्मचारियों ने धक्कामार कर गाड़ी को ट्रॉमा सेंटर गेट तक पहुंचाया। मंत्री के आने से पहले मकैनिक बुलाकर वाहन को सही कराया गया। गनीमत रही कि वाहन मंत्री के सामने स्टार्ट हो गया।