बाराबंकी। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के तहत संचालित स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं की मिड टर्म परीक्षा-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होंगी। परीक्षा तीन पालियों में होगी। परीक्षार्थियों को अपने साथ अनिवार्य रूप से पहचान पत्र (आईडी कार्ड) लाना होगा। बिना आईडी कार्ड के किसी भी छात्र-छात्रा को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
स्नातक द्वितीय, चतुर्थ व षष्ठम सेमेस्टर व परास्नातक की द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की मिडटर्म की परीक्षाओं की तैयारी कर ली गई है। जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सीताराम सिंह ने बताया कि मिड टर्म परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसकी सूचना नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी निर्धारित यूनिफॉर्म एवं पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश करें। प्रत्येक परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ओएमआर शीट पर ही उत्तर लिखना अनिवार्य होगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को अपना नाम, विषय, रोल नंबर, महाविद्यालय पंजीकरण संख्या तथा विश्वविद्यालय का यूआईएन आरएमएलएयूएआरएन स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। जिन छात्रों के बैकलॉग पेपर हैं, वे भी संबंधित कक्षा के नियमित छात्रों के साथ परीक्षा में शामिल होंगे।