बाराबंकी। एसपी यमुना प्रसाद ने जिले के समस्त थानों पर गठित एण्टी रोमियो स्क्वायड की टीम के साथ बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में बैठक की। एसपी ने मातहतों को निर्देश देते हुए कहा कि वह बेहतर तरीके से काम करें जिससे महिलाओं के साथ होने वाले अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
एसपी यमुना प्रसाद द्वारा पुलिस लाइन में जिले के समस्त थानों पर गठित एण्टी रोमियो स्क्वायड के प्रभारी व सदस्यों की बैठक की गयी। इसमें एसपी द्वारा एण्टी रोमियो स्क्वायड द्वारा अब तक की गयी कार्यवाहियों की समीक्षा की गयी एवं एण्टी रोमियो स्क्वायड द्वारा रेड कार्ड वितरण व शिकायती प्रार्थना पत्रों की जांच के बारे में बताया गया। कप्तान ने कहा कि एण्टी रोमियो स्क्वायड की टीम चेकिंग के दौरान लोगों के साथ सौम्यता पूर्वक व्यवहार करें।
इसके साथ ही मनचलों के खिलाफ समुचित कार्यवाही की जाए। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के प्रमुख बाजारों में छेड़खानी आदि घटनाओं को रोकने तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश भी कप्तान ने दिये। कहा कि पुलिस कर्मी ऐसा काम करें जिससे महिलाओं सम्बन्धी अपराध पर विराम लग सके एवं आरोपियों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्यवाही हो सके।
एसपी ने कहा कि एण्टी रोमियो स्क्वायड अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दुकानदारों एवं महिलाओं को अपना फोन नंबंर/ विजटिंग कार्ड सूचनाओं के लिए प्रदान करेगे। इसके अलावा अपने क्षेत्र के लोगों को सीसीटीवी लगवाने के लिए एवं कैमरे की कवरेज रोड की तरफ रखने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर एएसपी उत्तरी आरएस गौतम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।