बाराबंकी। जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बृहस्पतिवार को अंकगणित की विशेष कक्षा आयोजित हुई। इसमें मौजूद कॉलेज प्राचार्य प्रो. सीताराम सिंह ने संख्यात्मक सवालों को कम समय में हल करने के गुर बताते हुए परीक्षा में बेहतर समय प्रबंधन के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। बताया कि समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी बनता है।
मौजूद विद्यार्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा से जुड़ी तैयारियों को लेकर व्याप्त शंकाओं का समाधान भी प्रश्न पूछकर किया। एक छात्र ने पूछा कि यदि कठिन सवाल पर ज्यादा समय लग जाए तो क्या करें। प्रो. सिंह ने बताया कि आसान और मध्यम स्तर के प्रश्न पहले हल करने के बाद ही अंत में कठिन सवालों को देखना चाहिए। एक छात्रा ने पूछा कि गणित के प्रश्नों को हल करने में रफ्तार कैसे पकड़ी जाए। जवाब मिला कि रोजाना प्रैक्टिस के साथ प्रश्नपत्र के सेट और क्विज हल करना ही इसका सबसे कारगर तरीका है।
एक छात्र ने पूछा क्या फॉर्मूले याद करना जरूरी है या ट्रिक से हल करना बेहतर है, तो प्राचार्य ने बताया कि फॉर्मूले की समझ जरूरी है, लेकिन ट्रिक्स के प्रयोग से परीक्षा में समय की बचत होती है। उन्होंने मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सुझाव दिया कि बेसिक कॉन्सेप्ट और एनालिटिकल अप्रोच पर मजबूत पकड़ बनानी चाहिए। निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से ही प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है।