सूरतगंज। फतेहपुर कस्बा निवासी शैलेंद्र कुमार की पत्नी अंकिता (23) की लखनऊ के एक निजी अस्पताल में सोमवार शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता सुशील ने इलाज में लापरवाही बरतने के साथ ही दहेज हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी सुशील कुमार की पुत्री अंकिता की शादी 11 जून 2023 को फतेहपुर के शैलेंद्र कुमार से हुई थी। पिता सुशील का आरोप है कि दहेज को लेकर बेटी के ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और आए दिन बेटी को प्रताड़ित करते थे।
अंकिता कुछ दिनों से बीमार चल रही थी, लेकिन ससुराल वाले घर पर उसका इलाज करा रहे थे। हालात बिगड़ने पर बेटी को फतेहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंकिता की मौत हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले बिटिया का शव लेने तक अस्पताल नहीं पहुंचे। इस कारण मायके पक्ष केे लोग शव को लेकर बंजरिया चले आए। सूचना पर पहुंची मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने घर से ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएचओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता की तरफ से तहरीर मिली है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।