लोधपुरवा गांव में विवाहिता की मौत के बाद स्तब्ध खड़ी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : लोधपुरवा गांव में विवाहिता की मौत के बाद स्तब्ध खड़ी ग्रामीणों की भीड़
टिकैतनगर। टिकैतनगर क्षेत्र के लोधपुरवा गांव में हरिश्याम की पत्नी शैल कुमारी (20) की शनिवार शाम मौत हो गई। ससुरालीजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे, लेकिन इससे पहले पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के गले व शरीर पर पिटाई के निशान मिले। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया है।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र के कुम्हरवा गांव निवासी कुंतराम की पुत्री शैल कुमारी का विवाह वर्ष 2023 में टिकैतनगर के लोधपुरवा निवासी हरिश्याम उर्फ छोटू के साथ हुआ था। पिता कुंतराम ने बताया कि शनिवार शाम दामाद ने फोन कर कहा कि शैल कुमारी की तबीयत खराब है। थोड़ी देर बाद दोबारा फोन कर बताया गया कि हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बदहवास परिजन देर रात बेटी की ससुराल पहुंचे तो काफी देर तक शव देखने नहीं दिया गया।
इसके बाद जब जबरन चादर हटाकर बेटी का चेहरा देखा तो शरीर पर चोटों के निशान नजर आए। ससुरालीजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे। इस बीच मायके वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। टिकैतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मायके वालों ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर दी गई है और मामले को बीमारी का रूप दिया जा रहा है। एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के गले के पास चोट है। दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।