घुंघटेर। निंदूरा क्षेत्र के बजगहानी के मंगलपुरवा गांव में मंगलवार को 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पहुंचा है। पोल व केबल की लाइन लगने के आठ माह बाद बिजली विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को आजादी के बाद पहली बार बिजली से रोशनी से जगमग होने की उम्मीद जगी है। बाबागंज के जेई विवेक मिश्रा ने बताया कि जल्द ही गांव में शिविर लगा कर ग्रामीणों को विद्युत कनेक्शन देने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
दिसंबर 2025 में विद्युत विभाग ने गांव में पोल और केबल की लाइन तो बिछा दी थी लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया था। ग्रामीण जगदीश रावत ने बताया कि बिजली के लिए उन्होंने काफी प्रयास किए थे। उन्होंने विधायक और सांसद तक भागदौड़ की थी परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। क्षेत्रीय लोगों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद चेते एसडीओ और जेई ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। ट्रांसफार्मर पहुंचने से ग्रामीणों में अब आजादी के बाद गांव के बिजली की रोशनी से जगमग होने की उम्मीद जगी है। (संवाद)