‘पांच दिन पहले बने शौचालय भरभरा कर गिरे’ शीर्षक से रविवार को खबर का प्रकाशन किया था। खबर का प्रकाशन होते ही विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की फटकार के बाद मौके पर पहुंच ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान पति ने रविवार को गिरे शौचालयों को फिर बनवा दिया है।
हरख ब्लॉक के लोहिया गांव इब्राहिमाबाद में प्रमुख सचिव के संभावित दौरे को लेकर गांव को पूरी तरह से चमकाया जा रहा है। इसके अलावा पूरी ग्राम पंचायत मेें करीब 2 हजार शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन इनके निर्माण में मानकों की पूरी तरह से अनदेखी की जा रही थी। जिसके चलते एक ओर यह बनाए जा रहे थे तो दूसरी ओर वह गिरते जा रहे थे। इसके अलावा सेप्टिक टैंक के लिए जो गड्ढे बनाए जा रहे हैं वह भी मानक के अनुसार नहीं हैं।
अमर उजाला ने रविवार के अंक में ‘पांच दिन पहले बने शौचालय भरभरा कर गिरे’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इससे विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर रविवार को ग्राम पंचायत सचिव अनुराग कुमार प्रधान पति ब्रहमा सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूर लगाकर गिरे शौचालयों को सही कराया।