रेलमार्ग के दोहरीकरण कार्य के चलते लखनऊ-वाराणसी हाईवे आज बंद रहेगा।
- फोटो : अमर उजाला
रेलमार्ग के दोहरीकरण कार्य के चलते लखनऊ-वाराणसी हाईवे आज बंद रहेगा। लखनऊ को आने-जाने वाले यात्री सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक लोनीकटरा क्रॉसिंग को पार नहीं कर सकेंगे। डायवर्जन कर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जाएगा।
लखनऊ-सुल्तानपुर रेल मार्ग का दोहरीकरण का कार्य लोनीकटरा क्रॉसिंग पर कराए जाने से गुुरुवार को लखनऊ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 56 बंद किया जा रहा है। रेलवे के अवर अभियंता टीएन सिंह ने बताया 19 व 20 अप्रैल दो दिन राजमार्ग को बंद कर रेलवे डबलीकरण का कार्य पूरा कराने की अनुमति शासन से मिली थी लेकिन राजमार्ग पर अवागमन कर रहे वाहनों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने एक दिवस में कार्य को पूरा करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा 20 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक राजमार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध करने के बारे में सूचना डीएम के माध्यम से पुलिस व प्रशासन के दी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जावेद इकबाल ने कहा लोनीकटरा क्रॉसिंग पर दिन में पांच से छह घंटे तक राजमार्ग अवरुद्ध होने की सूचना रेलवे से दी गई है। वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्जन कर आवागमन जारी रखने के प्रयास पर चर्चा की जा रही है।
यात्री इन वैकल्पिक मार्गों का कर सकते प्रयोग
लोनीकटरा के निकट मार्ग अवरुद्ध होने पर लखनऊ की ओर से आए वाहन राजमार्ग पर दहिला से पोखरा मार्ग होकर हैदरगढ़ तक पहुंच कर आगे का सफर तय कर सकते है। सुल्तानपुर की ओर से लखनऊ को जाने वाले हैदरगढ़ कस्बे से बछरांवा मार्ग होकर पोखरा से दहिला मार्ग पर होकर लखनऊ की ओर जा सकेंगे।
लखनऊ के गंगागंज से भानमऊ पहुंचकर हैदरगढ़ होकर लखनऊ से आवागमन कर सकते है। हैदरगढ़ से औसानेश्वर मार्ग होकर कोठी से भानमऊ गंगागज या बाराबंकी से फैजाबाद हाईवे पकड़ कर लखनऊ पहुंचा जा सकता है।