- ईडी व पुलिस की जांच में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
- एजेंटों पर कार्रवाई, कर्ताधर्ता विदेश में, बाराबंकी में 18 मुकदमें
श्रुतिमान शुक्ल
बाराबंकी। जिले के निवेशकों का करोड़ों रुपया लेकर फरार एलयूसीसी कंपनी का कारोबार आठ राज्यों के 22 जिलों में फैला था। यहां इनकी जड़े इतनी गहरी हो गई थीं कि कई सरकारी व गैरसरकारी संस्थानों के असफरों व कर्मचारियों ने अपना पैसा निवेश किया। ईडी व पुलिस की जांच में यह सामने आया है। यूपी में बाराबंकी व ललितपुर कंपनी के गढ़ रहे हैं।
बाराबंकी में नवंबर 2024 में बदोसराय व रामनगर थाने की पुलिस के पास शिकायतें पहुंची कि एलयूसीसी कंपनी में जमा पैसा वापस नहीं मिल रहा है। एजेंट सुन नहीं रहे है तो जिला स्तर के कंपनी के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे। इसके बाद शिकायतों का सिलसिला चल पड़ा। अब तक 18 केस दर्ज हैं। जिले के ही निवासी उत्तम सिंह राजपूत को शिकायत में यूपी जोन का हेड बताया गया। करीब दो माह से फरार उत्तम व इनकी पत्नी माया पर 25-25 हजार का पुरस्कार घोषित है। ललितपुर मामले की जांच कर रही ईडी ने बाराबंकी जिले का ब्योरा भी पुलिस से एक माह पहले ही ले लिया था। सूत्रों के अनुसार अब तक की जांच व रिमांड पर लिए गए अभियुक्तों से पूछताछ में एलयूसीसी कंपनी का नेटवर्क आठ राज्यों के 22 जिलों में फैला पाया जा रहा है। कंपनी का मुख्य संचालक समीर अग्रवाल विदेश भाग चुका है। सीओ रामनगर सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी पहले से ही गठित हैं।