हैदरगढ़ (बाराबंकी)। दिल्ली से नौकरी कर चार माह बाद घर वापस लौट रहा युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। उसको बिस्कुट में नशीला पदार्थ खिला नकदी व अन्य सामान लूट लिया गया। परिवहन निगम की बस उसे बेहोशी की हालत में कस्बा के चौराहे पर उतारकर चली गई।
हैदरगढ़ के मुख्य चौराहे पर कस्बा चौकी के पास मंगलवार को एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां एक घंटे बाद होश में आने पर युवक ने अपना नाम दिनेश गौतम निवासी सोनिकपुर थाना लोनीकटरा बताया। उसने बताया कि चार माह पहले दिल्ली नौकरी करने गया था।
सोमवार शाम को दिल्ली के आनंद विहार बस स्टेशन से रोडवेज बस में बैठा था। रास्ते में बगल में बैठे एक व्यक्ति ने बिस्कुट खिलाया था। इसके बाद वह बेहोश हो गया। युवक ने पर्स में रखे 13 हजार रुपये, मोबाइल फोन व बैग गायब होने की बात कही है। कोतवाल ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस के पास नहीं है। संवाद