बाराबंकी। शहर में सक्रिय बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार शाम महिला थाना से चंद कदम दूर एक महिला का पर्स लूट लिया। उसमें मोबाइल फोन व दो हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस ने छानबीन कराई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
यह घटना शहर के कंपनीबाग मोहल्ला निवासी आसिफ की पत्नी इशरा के साथ हुई। सोमवार शाम वह अपनी पुत्री हाजरा के साथ बाजार से लौट रही थीं। देवा रोड पर बैंक आफ बड़ौदा के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इशरा का पर्स लूट लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पीड़िता के मुताबिक पैस में एक मोबाइल फोन व दो हजार रुपये थे। घटनास्थल से कुछ ही दूर एएसपी उत्तरी आरएस गौतम व कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवास और चंद कदम पर महिला थाना व पुलिस लाइन है। एएसपी आरएस गौतम का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीम लगाई गई है।