बाराबंकी। बैंक में पैसा निकलने पहुंचा एक युवक टप्पेबाज का निशाना बन गया। जालसाज ने युवक से 10 हजार रुपये झटक लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बीबीपुर कटरा निवासी हरिश्चंद्र शनिवार को कोठी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अपने खाते से 10 हजार रुपये निकाले थे। रुपये निकालने के दौरान हरिश्चंद्र के पीछे एक व्यक्ति खड़ा था। उसने कपड़ों में लिपटी नोटों की एक गड्डी हरिश्चंद्र को देकर उसके रुपये गिनने की बात कही। इस दौरान वह व्यक्ति बैंक से फरार हो गया। हरिश्चंद्र उसे कुछ देर खोजने के बाद बैंक के अंदर ही रोने लगा। यह देख लोगों ने उससे रोने की वजह पूछी तो पता चला कि एक व्यक्ति 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गया है। उसने हरिश्चंद्र को नोटों की गड्डी बताकर जो दिया था, वह कागजों की गड्डी निकली। हरिश्चंद्र ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने जांच की है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।