घुंघटेर (बाराबंकी)। आधे से ज्यादा प्रयोग में आ चुके अचार में छिपकली निकलने से हड़कंप मच गया। उपभोक्ता ने इसकी सूचना एफएसडीए के अधिकारियों को दी। जांच को पहुंची खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अचार का नमूना भरकर जांच के लिए भेजा है।
घुंघटेर क्षेत्र के ग्राम बंदगी नगर निवासी श्रीराम ने बताया कि रीवां सीवां स्थित एक किराने की दुकान से पांच दिन पहले पांच सौ ग्राम का अचार का एक पैकेट खरीद कर लाए थे और प्रतिदिन खाने के साथ वह लोग अचार का सेवन भी कर रहे थे। शुक्रवार को भी वह परिवार के साथ भोजन कर रहे थे।
खाने के समय पत्नी डिब्बे से अचार निकालने लगी तो इसी दौरान उसमें से काले रंग की मरी हुई छिपकली दिखाई दी। अचार में छिपकली देख परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और शनिवार को पूरे मामले की जानकारी एफएसडीए के अधिकारियों को दी गई।
जानकारी पर पूरे मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन लता तिवारी को मौके पर भेजा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अचार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विक्रेता को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जा रहा है।