बाराबंकी। एंटी करप्शन टीम द्वारा रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए गए लेखपाल व मुंशी को गोरखपुर स्थित विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अदालत में प्रस्तुत किया गया। जहां से दोनों को जेेल भेज दिया गया। वहीं लेखपाल को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार दोपहर अयोध्या से आई एंटी करप्शन की टीम ने सदर यानी नवाबगंज तहसील के बाहर खसपरिया के लेखपाल दीपक यादव और एक कथित मुंशी शमशेर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था। लेखपालों के विरोध के बीच दोनों को सफदरगंज थाने ले जाया गया जहां केस दर्ज कराया गया। वहीं, इस कार्रवाई केे बाद बुधवार को तहसील में इसकी चर्चा होती रही। बताते हैं कई लेखपालों पर आय से अधिक संपत्ति की जांच होने की संभावना है।