फतेहपुर क्षेत्र में सर्किल दरें आसमान छूने लगी हैं। अब छोटे तबके के लोगों के लिए प्लॉट का बैनामा कराना आसान नहीं रह गया है। उसे एक हजार वर्गफु ट प्लाट खरीदने के लिए अब भारी रकम का स्टाम्प अदा करना होगा। ढाई वर्ष में तीसरी बार सर्किल रेट की सूची नए वर्ष पर जारी हो गई है। नए सर्किल रेट का वकीलों ने विरोध करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
मालूम हो कि विगत ढाई साल में तीसरी बार सर्किल रेट सूची का परिवर्तन किया गया है। इसका अंदाजा गत एक अगस्त 2013 की सर्किल रेट सूची देखने से ही पता चलता है। कस्बे के मोहल्ला मोलवीगंज, पचघरा, नालापार उत्तरी, काजीपुर, नालापार दक्षिणी की बेसिक जमीन का सर्किल रेट पांच हजार रुपये प्रति वर्गमीटर था और फैय्याजपुरा मोहल्ले की बेसिक सर्किल रेट सूची 3050 रुपये थी। एक अगस्त 2015 को फिर सर्किल दरों में जब परिवर्तन किया गया तो मौलवीगंज, पचघरा, नालापार उत्तरी, काजीपुर, नालापार दक्षिणी वार्डो की बेसिक दर 6,600 रुपये वर्गमीटर हो गईं। इन दरों को तीसरी बार 31 दिसम्बर 2015 में ही उत्तर प्रदेश शासन की अधिसूचना जारी कर स्टाम्प (सम्पत्ति का मूल्यांकन) तृतीय संशोधन की नियमावली पारित कर दी गई। अब आदर्र्श नगर पंचायत के मोहल्ला पचघरा, मोलवीगंज, काजीपुर, नालापार दक्षिणी की बेसिक वैल्यू अर्धनगरीय क्षेत्र की है जिसके तहत किसी भी सड़क से पचास मीटर के अन्तर की परिधि में आने वाली आवासीय जमीनों की भी व्यवसायिक जमीन की भांति 19 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गयी है।
नया वर्ष शुरू होते ही पहले सप्ताह से ही यह दरें लागू हो गयी हैं। जिससे अब कस्बे के सभी वार्डों में मोहल्ला ब्रम्हणी टोला को छोड़ करके एक हजार वर्ग फुट आवासीय प्लाट की खरीद पर इसका सरकारी मूल्यांकन के हिसाब से 17 लाख 65 हजार 799 रुपये 26 पैसा पर एक लाख 23 हजार 605 रुपये 95 पैसा का स्टाम्प अदा करना होगा। आदर्श नगर पंचायत के सभी कुल 16 वार्डों के आवासीय और वाणिज्यिक दरें इस बार की अधिसूचना में बराबर रखी गयी हैं और सड़क से हटकर भी उन आवासीय प्लाटों की कीमत16 हजार रुपये वर्गमीटर से कम नहीं है। नगर के वकीलों ने सरकारी दरों की बढ़ोत्तरी की निंदा करते हुए इसमें संशोधन कराए जाने के लिए एसडीएम से आपत्ति दर्ज कराने के लिए ज्ञापन सौंपा है। जिसमें बार अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद वर्मा, पूर्व अध्यक्ष गिरीष चन्द्र वर्मा, हरिनाम सिंह, पूर्व महामंत्री अवधेश, सिंह आदि शामिल हैं।