बाराबंकी। जैदपुर-भानमऊ मार्ग पर कोठी क्षेत्र के वादीपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आकर मऊगोरपुर गांव निवासी राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) हरीशंकर वर्मा (58) की मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार मुंशी अखिलेख कुमार (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद डीएम ईशान प्रताप सिंह सहित प्रशासनिक अमला जिला अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने छह घंटे की मशक्कत के बाद डीसीएम चालक को बदोसराय में पकड़ा।
रामसनेहीघाट क्षेत्र के मऊगोरपुर गांव निवासी हरीशंकर वर्मा सदर तहसील के सतरिख क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक पद पर तैनात थे। वह रोजाना बाइक से अपने गांव से तहसील ड्यूटी करने जाते थे। शुक्रवार को उनके साथ रामसनेहीघाट के मालिनपुर गांव निवासी मुंशी अखिलेश कुमार बाइक से बाराबंकी के लिए निकले थे।
जैदपुर से भानमऊ जाने वाले मार्ग का इस समय चौड़ीकरण चल रहा है। दोनों ओर पटरियां खोदकर गिट्टी डाली गई हैं। पुलिस के अनुसार वादीपुर गांव के पास कानूनगो की बाइक सामने से आ रही डीसीएम की चपेट में आ गई। इस दौरान चालक डीसीएम लेकर जैदपुर की ओर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची।
उस वक्त हरीशंकर थोड़ा बहुत बोल रहे थे। उनके पैर व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं थी। सीएचसी जैदपुर से प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल लाया गया, जहां कुछ ही देर में हरीशंकर की मृत्यु हो गई। हादसे की खबर पाकर तहसील के साथी जिला अस्पताल पहुंचे। अखिलेश को तत्काल लखनऊ रेफर कर दिया गया। हरीशंकर के दो बेटों में बड़े सोनू अध्यापक हैं जबकि छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है। शव गांव पहुंचा तो पत्नी बेसुध हो गईं।