जनपद की नगर पंचायत व नगर पालिका के अध्यक्षों का कार्यकाल अंतिम दौर में है। बुधवार 26 जुलाई को शहर में भी चेयरमैन के कार्यकाल का अंतिम दिन है जबकि नगर पंचायत दरियाबाद के चेयरमैन का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हो चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि जहां कार्यकाल समाप्त हो रहा है वहां पर प्रशासक के तौर पर ईओ को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। जनपद में दस नगर पंचायत व एक नगर पालिका परिषद के चेयरमैन का कार्यकाल नौ अगस्त तक समाप्त हो रहा है।
ऐसे में इन जगहों पर काम करने के लिए अब ईओ को प्रशासक की जिम्मेदारी दी जाएगी। शहर में चेयरमैन द्वारा विकास के लिए तमाम कार्य करने के दावे किए जा रहे हैं। चेयरमैन रंजीत बहादुर श्रीवास्तव का कहना है कि उनके द्वारा चुनाव के समय जो वादे किए गए थे उससे कहीं बढ़कर विकास कराया गया है।
कहा, जिस समय मैं चेयरमैन बना था उस समय नगर पालिका का बजट 9 करोड़ 60 लाख रुपये का था लेकिन इस समय यह बजट बढ़कर 72 करोड़ रुपये का हो गया है। शहर में सड़क बनवाने के साथ एलईडी लाइटें लगवाई, श्मशान घाट बनाया, नागेश्वरनाथ, धनोखर सरोवर के सुंदरीकरण के लिए करोड़ों की स्वीकृति कराने के साथ शहर में नगर पालिका के सीमा विस्तार कराने को यह अपनी विशेष उपलब्धि मानते हैं। इनका कहना है कि बीते 50 साल में जो काम शहर में नहीं हुए, उससे कहीं ज्यादा कार्य मैने अपने कार्यकाल में कराए हैं।