देवा/दरियाबाद। कोतवाली क्षेत्र देवा में बृहस्पतिवार देर रात ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लखनऊ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं, दरियाबाद में ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से दिव्यांग युवक व उसका पुत्र घायल हो गए।
रीवा रतनपुर गांव निवासी रामकुंवर (34) मजदूरी करते थे। रात में वह बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान कस्बा देवा के कलुआ मामा देव स्थान के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। पुलिस ने उनको सीएचसी देवा भेजा। जहां से उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही रामकुंवर की मौत हो गई। इंस्पेक्टर देवा अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, शुक्रवार सुबह दरियाबाद क्षेत्र के जेठौती राजपूतान निवासी दिव्यांग राजेश यादव (40) अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र राम जी के साथ ट्राई साइकिल से दूध देने रेलवे स्टेशन जा रहे थे। पीछे से थाना कोठी के हुसैनपुर निवासी शनि वर्मा ट्रैक्टर-ट्रॉली से विश्रामपुरवा जा रहे थे। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दिव्यांग अपनी ट्राई साइकिल सहित उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार पर भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों ने राजेश व पुत्र को बाहर निकाला। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करके ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है।
......................................
अनियंत्रित बस गड्ढे में घुसी, नशे में था चालक
फोटो: 16
कोटवाधाम। बदोसराय थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव के पास टिकैतनगर मार्ग पर बृहस्पतिवार रात एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। गनीमत रही कि बस में कोई यात्री नहीं था और बस पलटी नहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे में था। वह बस को गड्ढे से निकालने का लगातार प्रयास कर रहा था। बस के टायर रगड़ने से धुआं निकल रहा था, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पा रही थी। जब राहगीरों ने चालक को बस बंद करने की सलाह दी, तो वह उनसे उलझ पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
(संवाद)