देवा मेले में खजला की दुकान पर जांच करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
बाराबंकी। दिवाली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को चेकिंग अभियान चलाया। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। घटिया मिलने पर खजला, रंगीन चेरी और नमकीन को नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 10500 रुपये बताई गई।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बातया कि अभियान के दौरान 11 खाद्य नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए लिया गया। फतेहपुर तहसील से मिठाई के दो नमूने लिए गए।
इसी प्रकार रामनगर तहसील से मिठाई और चीनी खिलौना के तीन नमूने एकत्र किए गए। सिरौलीगौसपुर तहसील के आंगनपुर रानी कटरा में एक किराना दुकान का निरीक्षण हुआ। वहां 25 किलोग्राम एक्सपायर्ड नमकीन, जिसकी कीमत 5000 रुपये थी, नष्ट की गई। साथ ही रिफाइंड तेल का एक नमूना भी लिया गया। नवाबगंज तहसील के जहांगीराबाद और सफेदाबाद में भी कार्रवाई की गई। यहां मिठाई और खोया के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए।
देवा मेला में खजला और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 20 किलोग्राम दूषित खजला, जिसकी कीमत 4000 रुपये थी, नष्ट किया गया। हलवा पराठा दुकानों के निरीक्षण में पांच किलोग्राम रंगीन चेरी, जिसकी कीमत 1500 रुपये थी, अत्यधिक रंग के कारण नष्ट की गई। मेला क्षेत्र के सभी खाद्य विक्रेताओं को सामग्री ढककर बेचने के निर्देश दिए गए। उन्हें अपनी दुकानों पर लाइसेंस और रेटलिस्ट प्रदर्शित करने को भी कहा गया।