बाराबंकी। निजामपुर गांव पिछले साल चर्चा में आया। गांव के राम केवल ने हाईस्कूल परीक्षा जो पास की थी। जी हां, आजादी के बाद से वर्ष 2024 तक इस गांव को कोई भी शख्स हाईस्कूल तक पढ़ा लिखा नहीं था। राम केवल की लगन देख इस बार चचेरे भाई करन ने भी दसवीं पास कर ली है।
प्राथमिक विद्यालय अहमदपुर द्वितीय में पढ़ाई के दौरान राम केवल और करन को वहां के प्रधानाचार्य शैलेंद्र द्विवेदी प्रेरित किया। पांचवीं पास करने के बाद दोनों का दाखिला राजकीय इंटर कॉलेज अहमदपुर में कराया गया।
शिक्षक की प्रेरणा का परिणाम रहा कि वर्ष 2025 में राम केवल हाईस्कूल की परीक्षा पास कर ली और सालों से चले रहे आ रहे मिथक को तोड़ दिया। उनकी इस सफलता की दास्तां सुन गांव पहुंच जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने राम केवल को शुभकामनाएं दीं। इस बार चचेरे भाई करन ने भी परीक्षा पास करके गांव वालों का उत्साह बढ़ा दिया। रामकेवल अभी 12वीं की पढ़ाई कर रहे हैं। करन के पिता लल्लन मजदूरी तो माता ब्रम्हादेवी गृहिणी है। करन की सफलता के बाद गांव में उत्सव का माहौल है।