फाल्गुनी महादेवा मेला का आगाज होने लगा है। दुकानें भी सजने लगी हैं। कांवड़ियां भी दिखने लगे हैं। मंदिर में भी सफाई व्यवस्था के साथ बैरिकेटिंग का काम शुरू हो गया है। प्रशासन ने भी मेला की तैयारियां लगभग पूरी कर लीं है।
रामनगर तहसील के लोधेश्वर में लगने वाले फाल्गुनी महादेवा की शुरुआत हो चुकी है। लैय्या, खील, गट्टा, चूड़ी शृंगार की दुकानों के अलावा प्रसाद की दुकानें भी सज गईं हैं। अभी भी दुकानदारों का लगातार मेला में आना जारी है। स्थानीय लोगों की भी आमद मेला परिसर में होने लगी है।
यहां आने वाले आसपास क्षेत्रों के लोग भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं तो घर के लिए जरूरी सामान भी खरीद रहे हैं। प्रशासन ने मेला परिसर में ही कांवड़ियों के लिए टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
बुधवार को कावंड़ियों के लिए टेंट लगाया जा रहा है। अभी मेला परिसर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों की मानें तो खराब इंडिया मार्का हैंडपंप को अभी तक दुरुस्त नहीं कराया गया है।