देश की अंदरूनी सुरक्षा, विदेश नीति व आर्थिक स्थिति गंभीर हो चुकी है। नोटबंदी और जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था बिगाड़ दी है। यह बात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव लड़ेगी।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनता ही नहीं, नौजवानों को भी राहुल गांधी पर पूरा विश्वास है। केंद्र सरकार ने 19 बार में गैस के दाम बढ़ाए। 15 से 20 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ गई। आने वाले चुनाव में मतदाता भाजपा को कुर्सी से उतार फेंकेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उतार-चढ़ाव हर राजनीतिक दल में आता रहता है। 280 सीटें पाने वाली पार्टी को 1984 के चुनाव में दो सीट पर संतोष करना पड़ा था। अहंकार जब किसी दल में आता है तो यही हाल होता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव लड़ेगी। केंद्र सरकार ने किसानों की कर्जमाफी में सहयोग से इंकार कर दिया जबकि सबसे बड़ी 72 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी यूपीए की सरकार ने की थी। उस समय भी आर्थिक जानकारों ने अर्थव्यवस्था बिगड़ने की बात की थी। मगर, देश के खजाने पर पहला हक अन्नदाताओं का होने के नाते किसानों के कर्ज माफ किए गए थे। मगर, मौजूदा सरकार 2 रुपये व 25 पैसे की कर्जमाफी कर किसान की हितैषी होने का दिखावा कर रही है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में निर्वस्त्र किए गए काश्तकारों का बदला भविष्य के चुनाव में साढ़े सात करोड़ जनता लेगी। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी अपने बलबूते पर लड़ रही है जिसका परिणाम भी बेहतर होगा।