बाराबंकी जिला अस्पताल में भर्ती दुर्घटना में घायल छात्र
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल से घर लौट रहे छह बच्चों को छोड़ने जा रहे रिक्शे को पीछे से ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों की चीख पुकार सुनकर घटना स्थल पर कोहराम मच गया। राहगीरों ने पहुंचकर घायल बच्चों को बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रक चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शहर के सेंट एंथोनी स्कूल में शनिवार को पौने दो बजे छुट्टी होने के बाद रिक्शा चालक नीरज बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। तभी लायंस चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने रिक्शे में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में रिक्शा टूटकर पलट गया।
जिस पर सवार अम्मार शेख पुत्र इरफान (8) कक्षा तीन निवासी मोहल्ला रफीनगर, रघुबीर पुत्र शिवा (7) कक्षा एक निवासी मुनीराबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रिक्शे पर बैठे आफान (5), जशफी (10), इकरा (12), शमाबिला (10) आदि को मामूली चोंटे आई हैं। हादसे के बाद बच्चों की चीख पुकार से कोहराम मच गया।
राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सत्यप्रेमी नगर दानिश व जीशान ने अपनी बाइक से घायल बच्चों को आनन फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद परिवारीजन बच्चों को लेकर घर चले गए।