कोटवाधाम (बाराबंकी)। सीता देवी पीजी कॉलेज की छात्रा ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय खेल परिषद की ओर से सुल्तानपुर में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। इस पर छात्रा का चयन पंजाब में होने वाली अंतर विश्वविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में किया गया है।
सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के बरौलिया स्थित सीता देवी पीजी कॉलेज में एमए प्रथम सेमेस्टर राजनीति शास्त्र की छात्रा ज्योति ने शनिवार को सुल्तानपुर के गनपत सहाय पीजी कॉलेज में अंतर महाविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। यहां ज्योति ने 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज नंदनीनगर पीजी कॉलेज की छात्रा को करारी शिकस्त दी। इसी के साथ ज्योति ने अंडर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
यह प्रतियोगिता पंजाब के जालंधर में एक व दो दिसंबर को आयोजित होगी। छात्रा के पिता पेशे से किसान हैं। बचपन से ही ज्योति को मुक्केबाजी का शौक था, जिसे परिजनों ने पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। छात्रा ज्योति पढ़ाई के साथ लखनऊ में बॉक्सिंग का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रही है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच श्याम अवस्थी और प्रधानाचार्य डॉ. अर्चना त्रिपाठी को दिया है।