बाराबंकी। जिले में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार रात बड्डूपुर और घुंघटेर थाना क्षेत्रों के तीन गांवों में चोरों ने अलग-अलग मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी, विदेशी मुद्रा और मेंथा ऑयल चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह वारदात की जानकारी होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बड्डूपुर की कुतरी खुर्द ग्राम पंचायत के गुलराही गांव निवासी किसान अजय कुमार ने बताया कि रात में चोर बरामदे की ईंट निकालकर घर के अंदर घुस गए। चोर चांदी की कमर करधनी, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी और करीब 10 लीटर मेंथा ऑयल समेट ले गए। सुबह घर के अंदर सामान बिखरा मिला तो चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना देने के बाद थाने में तहरीर दी। घुंघटेर के खरिहानी का पुरवा गांव निवासी नादिर ने बताया कि चोर मकान के पीछे की पक्की दीवार में सेंध काटकर अंदर घुसे। इसके बाद पत्नी और तीनों बहुओं के सोने-चांदी के जेवर, धान की रोपाई के लिए बैंक से निकाले गए 20 हजार रुपये व सऊदी अरब से लाए गए 1500 रियाल भी चोरी कर ले गए।
इसी थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी मतीन ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चोर सेंध काटकर घर में घुस आए और उनकी पत्नी की पायल, झुमकी व दो हजार रुपये उठा ले गए।
सतरिख में चोरी की तीन बड़ी वारदातों पर पड़ा पर्दा
सतरिख। थाना सतरिख इलाके में बीते मई और जून में हुई तीन बड़ी चोरियों का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। इन वारदातों में करीब आठ लाख रुपये का माल चोरी हुआ था। आठ मई को संदौली उमरपुर स्थित आनंद धाम के सामने कुशीनगर निवासी और मकानों की खरीद-फरोख्त का काम करने वाले जिब्रील के बंद मकान का ताला तोड़कर गृहस्थी का सामान सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
26 मई को चौपुला स्थित टू व्हीलर एजेंसी में पीछे की ओर लगी खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और कैश काउंटर का लॉकर तोड़कर करीब 85 हजार रुपये और 20 चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। 13 जून को संदौली उमरपुर की देव ग्रीन सिटी निवासी डॉ. संजय किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गोंडा गए थे।
इसी दौरान चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब दो लाख रुपये के जेवरात तथा 20 हजार रुपये समेट ले गए। एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।