हैदरगढ़ (बाराबंकी)। चीनी मिल के पास खनन माफिया माइनर से बालू व मिट्टी का अवैध खनन दिन-रात धड़ल्ले से कर रहे हैं। रात भर जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉली के शोर ग्रामीणों की नींद हराम हो गई लेकिन नहर विभाग व पुलिस को इसकी खबर नहीं। खनन के चलते हाल यह हुआ है कि माइनर में पानी छूटने पर गांव का संपर्क मार्ग भी बह जाएगा।
सिंचाई विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्र में नहरो की हालत जर्जर बनी हुई है। खनन माफिया दिनरात जेसीबी से नहरों में अवैध खनन कर बालू व मिट्टी बाहर बेच रहे हैं। मंगलवार की रात को हैदरगढ़ कोतवाली स्थित चीनी मिल के पास लाही देवइचा माइनर नहर पटरी पर खनन कर करीब सौ मीटर की मिट्टी व बालू जेसीबी से खोदी गई और दो ट्रैक्टर ट्रॉली से लाद कर अज्ञात स्थान को ले जाई गईं। नहर पटरी के बगल से रात को आने जाने वालों के मुताबिक पूछने पर खनन कर रहे लोगों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से अनुमति मिलने की बात कही। रात भर गश्त करने वाली पुलिस ने भी खनन रोकने की कोशिश नहीं की।
क्षेत्र में अन्य नहरों पर भी अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिलती रहती हैं। चार दिन पहले सीओ एसके राय के निर्देश पर पुलिस ने कोतवाली के बड़नापुर नहर से अवैध खनन कर बालू मिट्टी ढुलाई में लगी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ कर सीज किया था लेकिन खनन माफियाओं पर इसका कोई असर नहीं है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग शारदा सहायक खंड - 28 के सहायक अभियंता केपी गुप्ता को दी है। लेकिन इस बारे में पूछने अभियंता केपी गुप्ता ने बताया कि उन्हें नहर व पटरी पर खनन की जानकारी नहीं है। जांच करेंगे।