बाराबंकी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) फतेहपुर के प्रधानाध्यापक पर उन्हीं के अधीन कार्यरत अनुदेशक ने शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हमला कर दिया। आरोप है कि अनुदेशक ने प्रधानाचार्य के सरकारी आवास का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी। हमले में घायल प्रधानाचार्य को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, फतेहपुर आईटीआई में पिछले दो वर्षों से अमन कुमार गुप्ता प्रधानाचार्य के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे इलेक्ट्रिक मैकेनिकल कंज्यूमर के अनुदेशक आनंद चोपड़ा उनके आवास पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस आए। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी से उनकी पिटाई कर जान से मारने की नियत से गला भी दबाया। प्रधानाचार्य की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह उन्हें आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
घायल अवस्था में वह अपनी शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनुदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। अनुदेशक का कहना है रात में प्यास लगने पर वह प्रधानाचार्य के कमरे में आरओ वाला पानी मांगने गया था। लेकिन उन्होंने अभद्रता की, जिससे हाथापाई हो गई। हमले का आरोप निराधार है। एसएचओ संजीत सोनकर ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरे मिले खराब
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि आईटीआई परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बीते दो माह से खराब पड़े हैं। इसके चलते ही घटना के संबंध में कोई फुटेज पुलिस को जांच के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी।