बाराबंकी। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के झलिया दतौली गांव में दो दिन पहले वृद्ध बिस्तर पर मृत मिला था। पुलिस को जांच में पता चला कि वृद्ध के पौत्र ने ही सोते समय उनका गमछा से मुंह दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने पौत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के झलिया दतौली गांव में एक नवंबर की सुबह श्रीपाल (80) अहाते में बिस्तर पर मृत मिले थे। उनके मुंह से खून बह रहा था। पहले तो सभी इसे सामान्य मौत मान रहे थे, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाने के कारण मृत्यु की पुष्टि हुई। हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर वृद्ध के पौत्र विद्यासागर को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि श्रीपाल के दो पुत्र मानिकचंद्र व मंशाराम हैं। श्रीपाल छोटे पुत्र मंशाराम के साथ ही रहते थे। उन्होंने 12 वर्ष पूर्व अपनी चार बीघा जमीन बेचकर मंशाराम को रुपये दिए थे। श्रीपाल के नाम सड़क किनारे कीमती जमीन थी। उसे बेचने के लिए भी वृद्ध ने गांव के कई लोगों से बयाना लिया था। इससे वृद्ध के बड़े पुत्र मानिकचंद्र का बेटा विद्यासागर नाराज था। इसे लेकर उसकी वृद्ध से दो दिन पहले झड़प भी हुई थी। विद्यासागर को लग रहा था कि बची जमीन बेचकर भी सारे पैसे उसके दादा चाचा को दे देंगे। 31 अक्तूबर की रात में ही विद्यासागर ने प्लान बनाया और अहाते में पहुंचकर गमछे से मुंह दबाकर हत्या कर दी।