बाराबंकी। रामनगर तहसील क्षेत्र से गुजरी सरयू नदी पर हेतमापुर के पास पुल निर्माण का सर्वे व मिट्टी की जांच के बाद सेतु निगम ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। इस्टीमेट के अनुसार यहां पर करीब 592 करोड़ रुपये से साढ़े सात मीटर चौड़ा व ढाई किमी. लंबे पुल का निर्माण होगा। पुल बनने से बाराबंकी-बहराइच की दूरी कम हो जाएगी। सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर आदि जिलों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। करीब 10 साल से यहां पुल निर्माण की मांग हो रही है। गत दिनों प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद व राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया था।
रामनगर तहसील क्षेत्र की तराई में हेतमापुर के पास सरयू नदी के पास बाबा नारायणदास का मंदिर है। इस स्थल पर जिले के साथ ही बहराइच, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर आदि जिले के लोग आते हैं। मेले के दौरान भीड़ जुटती है तो श्रद्धालु नाव से नदी पार करके आते हैं। बाढ़ के समय नाव बंद हो जाती है तो इन जिलों के लोग 80 से 100 किमी की अधिक दूरी तय करके प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंचते हैं।
यहां पुल निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने संघर्ष समिति बना रखी है। सेतु निगम के सहायक अभियंता जीएस तिवारी के अनुसार हेमतापुर से सरयू नदी के उस पार बहराइच जिले की सीमा तक ढाई किमी. लंबा पुल बनेगा। पुल की चौड़ाई करीब करीब साढ़े सात मीटर होगी और 592 करोड़ रुपये की लागत इस पर पर आएगी। बजट मिलने का इंतजार है। बजट मिलते ही पुल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पुल निर्माण की यह चौथी कवायद
इससे पहले 16 जनवरी 2013 को रिजर्व बैंक के गवर्नर डी. सुब्बाराव के कहने पर तत्कालीन डीएम मिनिस्ती एस. ने 450 करोड़ रुपये से पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। 14 अगस्त 2018 को सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया तो फिर प्रस्ताव बना। फिर 21 जून 2021 को सेतु निगम ने लोक निर्माण विभाग को 474 करोड़ का इस्टीमेट बनाकर भेजा था। अब चौथी बार पुल निर्माण की कवायद सफल होने की उम्मीद है।
बढ़ेगा व्यापार, आसान होगा सफर
हेतमापुर पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों की मांग को सरकार के समक्ष रखा गया है। यहां पुल निर्माण होने से जिले के विकास में भी वृद्धि होगी। जिलों के बीच व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। लाखों लोगों का सफर आसान होगा।
- सतीश शर्मा, राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति